वाट्सअप से मिली जानकारी पर अवैध हथियार रखने वाला गिरफ्तार
पलवल। सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो के माध्यम से पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हालांकि छह-सात अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताए गए है, लेकिन वीडियो में वे हथियारों सहित साफ-साफ देखे जा रहे है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से कई प्रकार के हथियार बरामद कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कप्तान वसीम अकरम ने बताया कि उन्हें किसी व्यक्ति द्वारा वाट्सअप के माध्यम से एक विडियो प्राप्त हुई। जिसमें कुछ युवक अवैध हथियारों को हवा में लहराकर नाच-कूद रहे है। इसी दौरान गांव भिडुकी निवासी कुछ लोगों द्वारा भी सूचना मिली की वीडियो में देखे जाने वाले युवक उनके गांव के ही निवासी हैं और अपराधी किस्म के हैं। वे दहशत फैलाने की नीयत से अवैध हथियार रखते है। होडल सीआईए इंचार्ज उमर मोहम्मद के नेतृत्व में टीम गठित की गई और गांव में छापेमारी की गई। वहां पर रोहताश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन बंदूक, एक देशी कट्टा, एक पिस्टल व पांच जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि रोहताश पर पहले भी दो मुकदमे दर्ज है। जिनमें एक धारा-307 का भी है। इस मामले में वह जमानत पर है और दूसरा 14 सितंबर को गांव निवासी जयवीर के साथ मारपीट कर 6800 रुपये व एक सोने की चेन लूटने का दर्ज है। गिरोह के छह-सात अन्य आरोपी फिलहाल फरार है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उनसे भी अवैध हथियार बरामद होने की संभावना है। ब्यूरो