दूधौला व पृथला में बूस्टर का शिलान्यास
पलवल। हरियाणा के जन स्वास्थ्य मंत्री डा. बनवारी लाल ने शनिवार को पृथला विधानसभा क्षेत्र के गांव गांव दुधौला व पृथला में सब बूस्टर का शिलान्यास किया। इस मौके पर पृथला विधानसभा क्षेत्र के विधायक टेकचंद शर्मा भी मौजूद थे। जन स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा नाबार्ड के तहत रैनीवैल परियोजना के अंतर्गत पलवल व फरीदाबाद जिले के 84 गांवों में मीठे पानी की जल आपूर्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि रैनीवैल योजना से पलवल जिले 67 गांव व फरीदाबाद जिले के 17 गांव लाभान्वित होंगे। रैनीवेल परियोजना पर 184.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पलवल जिले के गांव दुधौला, धतीर, कैराका, रतीपुर, भनकपुर व पृथला में बूस्टिंग स्टेशन बनाए जा रहे है। पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। गांव दुधौला व पृथला में इन सब बूस्टरों से इन गांवों को नाबार्ड योजना के अंतर्गत 6 ग्राम समूह बूस्टिंग स्टेशन पृथला जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंडल नं. पलवल में ग्राम पृथला, छपरौला, सहराला, गदपुरी, हरफली व सोफ्ता और ग्राम समूह बूस्टिंग स्टेशन दुधौला जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मण्डल पलवल के अंतर्गत दुघौला, आमरू, सहदपुर, पातली खुर्द,पातली कलां,अगवानपुर, अलाहापुर,फिरोजपुर, बघौला,मीरपुर, नगला भिकू, सिंकदरपुर, भूर्जा, मदपुरी को पेयजल का लाभ मिलेगा। बनवारी लाल ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि रैनीवेल परियोजना का कार्य तेज गति से पूरा किया जाए। ताकि समय पर कार्य पूरा होने पर लोगों को योजना का लाभ मिल सकें। इस अवसर पर अधीक्षक अभियंता जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी जनकराज, कार्यकारी अभियंता जगदीश जांगड़ा, उपमण्डल अधिकारी रणबीर सिंह, दुधोला गांव के सरपंच सुन्दर सहित गांव के पंच-सरपंच, ग्रामीण आदि थे। ब्यूरो