हटाने के आदेश आते ही भड़के आउट सोर्सिंग पर लगे कर्मचारी
- कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर दिया ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। स्वास्थ्य विभाग में आउट सोर्सिंग पर लगाए गए कर्मचारियों को एकाएक हटाने के आदेश आते ही कर्मचारियों में सरकार के खिलाफ रोष उत्पन्न हो गया है। कर्मचारियों ने हटाने के आदेश मिलने के साथ ही नागरिक अस्पताल में प्रदर्शन किया तथा आदेशों को वापिस लेने की मांग की। बाद में कर्मचारियों ने उप जिला सिविल सर्जन डॉ. रेखा सिंह को अपनी मांग को लेकर ज्ञापन भी दिया।
प्रदेश भर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आउट सोर्सिंग पर हजारों की संख्या में कर्मचारी लगाए हुए हैं। उसी के तहत जिला पलवल में भी करीब 70 कर्मचारी आउट सोर्सिंग पर लगे हुए हैं। शुक्रवार को जैसे ही ये कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे तो ठेकेदार ने इन कर्मचारियों को हटाने के आदेश जारी करते हुए नौकरी पर काम नहीं करने दिया। कर्मचारियों को बताया गया कि आज से उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। इन कर्मचारियों को हटाने के आदेश सरकार द्वारा नियुक्त ठेकेदार बस्तीराम कंपनी व एसजी एंड ग्रुप की तरफ से दिए गए।
जैसे ही कर्मचारियों को ये आदेश मिले तो वे एकत्रित हो गए और प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने हटाने का विरोध किया तथा नारेबाजी भी की। बाद में कर्मचारियों ने उप जिला सिविल सर्जन डॉ. रेखा सिंह से मिलकर ज्ञापन सौंपा तथा कहा कि उनके खिलाफ कोई शिकायत तक नहीं है तथा वे अपना काम पिछले चार-पांच सालों से इमानदारी से कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें दिवाली पर हटाना उनके साथ अन्याय है। वे इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने मांग की कि उन्हें नौकरी से न हटाया जाए, वरना जिले में अन्य विभागों में भी कार्यरत सभी आउट सोर्सिंग कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे। कर्मचारियों ने इस मांग पत्र की एक कॉपी सीएम विंडो पर भी देकर मुख्यमंत्री के नाम भिजवाई है।