- गूगल पर अल्ट्राटेक सीमेंट का नंबर किसान ने किया सर्च, जालसाज ने कंपनी का कर्मी बता ठगे पैसे
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में एक किसान से अल्ट्राटेक सीमेंट बेचने के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी कर करीब 7.95 लाख रुपये की ठगी की गई। शिकायत के अनुसार किसान ने गूगल से नंबर लेकर संपर्क किया था, जिसके बाद उसे जालसाज ने झांसे में लेकर इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से पैसे निकाल लिए। किसान ने इसकी शिकायत साइबर थाना पलवल में दर्ज कराया है।
पीड़ित राजेंद्र तेवतिया ने बताया कि उन्होंने 14 मई को अल्ट्राटेक सीमेंट खरीदने के लिए गूगल पर कंपनी का नंबर सर्च किया था। वहां जो नंबर मिला उस पर कॉल करने पर आरोपी ने खुद को सीमेंट कंपनी का प्रतिनिधि बताया। कुछ ही देर में ठग ने इंटरनेट बैंकिंग के जरिये कई बार में कुल 7,95,000 की रकम अपने खाते में ट्रांसफर करवा ली। राजेंद्र ने इस पूरे मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर की। शिकायत के आधार पर साइबर थाना ने 19 मई 2025 को दर्ज की।
पुलिस की अपील
पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन खरीदारी के लिए गूगल पर दिख रहे अनजाने नंबरों पर भरोसा न करें। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से ही संपर्क करें, ताकि ऐसे साइबर अपराधों से बचा जा सके। यदि आपने भी इसी तरह की किसी ठगी का सामना किया है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।