दो बूंद पिलाकर पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत
- उपायुक्त ने पोलियो जागरूकता वैनों को झंडी दिखाकर किया रवाना
पलवल। पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जिला नागरिक अस्पताल में नवजात शिशुओं को पोलियो की दवाई पिलाई गई। जिला उपायुक्त डा. मनीराम शर्मा व जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप शर्मा ने इस अभियान की शुरूआत की। इसके बाद दो मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मोबाइल वैन गांव-गांव जाकर लोगों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए जागरूक करेंगी।
जिला उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि पोलियो एक भयंकर बीमारी है। इसके प्रति लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। पोलियो की बीमारी को दूर करने के लिए सभी अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं। उन्होंने कहा कि अपने बच्चों के साथ-साथ अपने पड़ोस में रहने वाले बच्चों व अपने घर व परिवार व रिश्तेदारों के बच्चों को भी पोलियो की दवाई पिलाने के लिए जागरूक करें। उपायुक्त ने कहा कि इस बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाए। तभी हमारा देश पोलियो मुक्त बन सकता है।
अभियान के तहत जिले में विभिन्न स्थानों पर पोलियो बूथ लगाकर पोलियो की दवा पिलाई गई। तीन दिन तक चलने वाले इस अभियान के तहत एक लाख बच्चों को पोलियो दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। सोमवार व मंगलवार को दो दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।