त्योहारों पर मिठाइयों में मिलावट करने वालों की नहीं खैर
-उपायुक्त ने दिए मिलावटी मिठाई बेचने वालों पर नजर रख कार्रवाई के आदेश
पलवल। दिवाली त्योहार के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से मिठाइयों में मिलावट जैसी गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए नमूने भरे जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी व चिकित्सा अधिकारियों की टीमें नमूने लेने के लिए लगातार चेकिंग कर मिठाइयों की दुकानों से नमूने लेंगी। सैंपल फे ल होने की स्थिति में संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त डा. मनीराम शर्मा ने बताया कि मंगलवार को प्रशासन की मासिक प्रेस कांफ्रेंस हुई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष किसी भी दुकानदार को पटाखे बेचने और रखने की अनुमति प्रशासन द्वारा दी जाएगी। वहीं जनता को भी हिदायत दी जाएगी कि वह उच्च क्षमता के पटाखे व लड़ियां न चलाएं। इसको रोकने की जिम्मेदारी संबंधित थाना अध्यक्ष को सौंपी गई है। इसके अलावा पॉलिथीन मुक्त पलवल के सकारात्मक परिणामों को देखते हुए अभियान में तेजी लाने पर जोर दिया गया। साथ ही अतिक्रमण रोकने पर भी जोर दिया। इस महीने अतिक्रमण करने वाले 63 और पॉलिथीन में सामान बेचने वालो 37 दुकानदारों के चालान किए हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशानुसार जिला में हवा की गुणवत्ता जांचने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से एक स्थान पर मशीन लगाई गई है। इसी प्रकार एक नवंबर से 10 नवंबर तक सभी निर्माण कार्यों, क्रेसर आदि को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी जिम्मेदारी विभागों के कार्यकारी अभियंताओं को दी है। वहीं लोगों से अपील की है कि वह निजी वाहनों के स्थान पर अधिक से अधिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करें। उपायुक्त ने पत्रकारों को जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने केजीपी एक्सप्रेस-वे पर अलीगढ़ रोड पर गांव पेलक के पास केजीपी से आने-जाने के लिए रास्ते की मंजूरी दी है, जिसके लिए जमीन अधिकरण का कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सुरेंद्र सिंह, नगराधीश आशिमा सांगवान, हथीन के एसडीएम एस.के. चहल, पलवल के एसडीएम जितेंद्र कुमार, होडल के एसडीएम गजेंद्र सिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकरी अमरदीप, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी एके कौशिक, सिविल सर्जन डा. प्रदीप शर्मा उपस्थित रहे।