खाने के पैसे मांगने पर होटल मालिक को धुना
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। होटल पर खाना खाने के बाद रुपये मांगना होटल मालिक को उस समय मंहगा पड़ गया जब कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एक नामजद व दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सत्यवीर के अनुसार गांव पृथला निवासी कर्मवीर ने शिकायत दर्ज कराई है कि गांव से थोड़ा आगे उसका होटल है। गत 29 अगस्त को गांव पृथला निवासी संजय अपने दो अन्य साथियों के साथ होटल पर आया और खाना खाया। पीड़ित ने जब संजय से रुपये मांगे तो संजय व उसके साथियों ने पीड़ित पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस पर डंपर चढ़ाने का किया प्रयास, एक चालक काबू
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। यमुना से चोरी की गई रेती से भरे तीन ओवरलोड़ डंपरो को जब पुलिस ने रुकवाने का प्रयास किया तो एक डंपर चालक ने पुलिस पीसीआर में टक्कर मार दी तथा दो डंपरों के चालकों ने पुलिस पर डंपर चढ़ाने का प्रयास किया। बाद में अपने आप को घिरता देख तीनों चालक डंपरो को छोड़कर मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने पीछा कर एक चालक को पकड़ लिया। कैंप थाना पुलिस ने आरोपी चालकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी नरेंद्र के अनुसार कैंप थाना में कार्यरत ईएएसआई के पद पर कार्यरत केशवदत्त ने शिकायत दर्ज कराई है कि गत एक सितंबर को अपने क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। असावटा गांव की तरफ से तीन ओवरलोड डंपर आते दिखाई दिए जिनमें रेती भरी हुई थी। पुलिस ने आगे वाले डंपर को रुकवाने का प्रयास किया तो चालक तेज रफ्तार से चलाते हुए पुलिस पीसीआर में टक्कर मारी। जिससे पीसीआर क्षतिग्रस्त हो गई तथा चालक को भी चोट आई। इसी दौरान पीछे आर दो डंपरों के चालकों ने भी पुलिस पर डंपर चढ़ाने का प्रयास किया लेकिन पीसीआर चालक की सूझबूझ से वे बच गए। पुलिस ने डंपरों का पीछा किया तो डंपर चालक अपने आप को घिरता देख डंपरों से कूदकर भाग निकले। पुलिस ने पीछा कर एक चालक को पकड़ लिया जिसने अपना नाम सोहना के जखोपुर गांव निवासी जय भगवान बताया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।