-सोशल मीडिया के माध्यम से करते थे संपर्क
-व्हाट्सएप चैटिंग के जरिये 30 प्रतिशत कमीशन के नाम पर करते थे धोखाधड़ी
-आरोपियों से 10 मोबाइल और बैंक खाते की किट बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग का प्रलोभन देकर हुई 18 लाख रुपये की ठगी के मामले में सात जालसाजों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से 10 मोबाइल फोन व बैंक खाते की किट बरामद की गई। जालसाजों को अब अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन ट्रेडिंग के प्रलोभन के जरिए ठगी का मामला सामने आया। शिकायतकर्ता जयवीर, आदर्श कालोनी, पलवल निवासी ने एनसीआर पोर्टल पर दर्ज शिकायत में कहा कि उसकी हथीन में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। उसने बताया कि सोशल मीडिया, विशेषकर फेसबुक के माध्यम से संपर्क करने वाले ठग व्हाट्सएप चैटिंग के जरिये 30 प्रतिशत कमीशन के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी करते हैं। घटना 14 जनवरी 2025 से 29 जनवरी 2025 के बीच घटित हुई, जब ठगों ने जयवीर से कुल 17,94,900 रुपये (लगभग 18 लाख) उधार लिए। शिकायत मिलने के तुरंत बाद, पुलिस ने साइबर तकनीकी के प्रयोग और बैंक रिकॉर्ड की सहायता से मामले की त्वरित जांच शुरू कर दी।
जांच टीम ने आरोपी अभिषेक निवासी तिलक नगर, दिल्ली को गिरफ्तार किया। अभिषेक से दो मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में सामने आया कि इस ठगी के जाल में अन्य आरोपी भी शामिल थे। आरोपी अभिषेक के साथ उत्तराखंड निवासी राजू राय, पंकज कुमार, तिलक नगर, दिल्ली निवासी शिवम, और अमन भारती भी इस गिरोह का हिस्सा थे। आरोपी राजू राय से दो मोबाइल फोन, शिवम, पंकज और अमन भारती से एक-एक मोबाइल फोन मिलें। इसके अतिरिक्त, पूछताछ के दौरान आरोपी पंकज से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। राजु राय की पूछताछ में जानकारी मिलने पर जबलपुर, मध्य प्रदेश निवासी दो आरोपियों मो. अख्तर सिद्दकी और वसीम खान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। प्रभारी थाना निरीक्षक रविंद्र कुमार ने कहा, विवेचना अधिकारी द्वारा हमने सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।