13 तक पुल निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया तो उतरेंगे सड़क पर
यमुना के ऊपर पुल बनाने की मांग पर अब भूख हड़ताल शुरू
- एक फरवरी से चल रही है हड़ताल, यज्ञ भी किया गया
अमर उजाला ब्यूरो
हसनपुर। यमुना के ऊपर पक्का पुल बनाने और ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग का निर्माण कराने की मांग पर एक फरवरी से हड़ताल पर बैठे हसनपुर के समाजसेवी पवन कुमार व उनके साथियों ने शुक्रवार से भूख हड़ताल शुरू कर दी। भूख हड़ताल शुरू करने से पहले वहां यमुना पुल संघर्ष समिति द्वारा यज्ञ किया गया। इस अवसर पर लोगों ने चेतावनी दी कि यदि 13 फरवरी तक यमुना के ऊपर पुल बनाने का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो भूख हड़ताल पर बैठे लोग अपना मुंडन कराकर आंदोलन तेज करेंगे। लोगों ने सड़कों पर उतरने की चेतावनी भी दी है।
दरअसल, इससे पहले भी पवन शर्मा इस मांग पर पिछले साल करीब 15 दिन तक भूख हड़ताल पर बैठे रहे थे। तब केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही यमुना के ऊपर पुल बनाने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। पवन शर्मा का कहना है कि मुख्यमंत्री ने इस मांग को दो साल पहले हसनपुर में आयोजित जनसभा में पूरा करने की घोषणा की थी। इसके अलावा चुनावी घोषणा पत्र में भी भाजपा ने वायदा किया था, लेकिन आज तक यह वायदा पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सीएम की घोषणा के मुताबिक कार्य शुरू नहीं होता है तो आगे की रणनीति के तहत योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके तहत अर्धनग्न होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने के साथ चुनावों में भाजपा का विरोध करने का भी निर्णय लिया गया। इस अवसर पर मा. गंगा प्रसाद, डा. महेन्द्र शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, रोहताश शर्मा, लाला कुंज बिहारी, नरेश मुद्गल, देशबन्धु गुप्ता आदि ने अपने विचार रखे।