घर में घुसकर मारपीट, 6 लोग घायल
-बाइक की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्ची को चोट लगने से हुआ झगड़ा
-16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
हथीन। समीपवर्ती गांव बाबूपुर में बाइक से लगी चोट के कारण एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर जमकर मारपीट की और तोड़फोड़ करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इस झगड़े में एक ही परिवार के आधा दर्जन लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज नलहड़ में भर्ती किया गया है। हथीन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक एक सात वर्षीय बच्ची को बाइक की चपेट में आने से चोट लग गई थी। बाइक चालक मौके से फरार हो गया। बच्ची के अभिभावक इसकी शिकायत देने आरोपी पक्ष के घर पहुंचे तो आरोपी पक्ष ने उल्टा उन्हें लताड़ दिया और पीड़ित के घर में घुसकर तोड़फोड़ और पथराव किया। हालात की गंभीरता को देखकर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस और अन्य ग्रामीणों ने मिलकर मामले को शांत कराया। जांच अधिकारी ताराचन्द ने बताया कि इस संदर्भ में पीड़ित जन्नी के बयान पर मुफीद, शहाबुद्दीन, मौसम, हकीम, नावेद, लुकमान, बिल्लू, इरशाद, इकलाश, रशीद, जुहरु, शादब, आकिल, जाहुल, अकरम एवं हसीन सभी निवासी बाबूपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस झगड़े मे ंजन्नी, जागर और आसिफ की आठ वर्षीय बच्ची सहित छह लोगों को चोटें आई है।