सुरक्षा व्यवस्था के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट किए गए नियुक्त
- रोडवेज हड़ताल और बार काउंसिल चुनाव की तैयारी
पलवल। रोडवेज कर्मचारियों द्वारा की जा रही हड़ताल को देखते हुए जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधीश ने सभी क्षेत्रों में ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए हैं। जिलाधीश डा. मनीराम शर्मा ने 26 अक्तूबर से आगामी आदेशों तक आपराधिक अधिनियम 1973 के अंतर्गत जिले में ड्यूटी मैजिस्ट्रेट की नियुक्ति की है।
जिलाधीश द्वारा जारी आदेशानुसार पलवल के शहरी क्षेत्र के लिए पलवल के तहसीलदार, ग्रामीण क्षेत्र के लिए पलवल के नायब तहसीलदार, हथीन के शहरी क्षेत्र के लिए हथीन के तहसीलदार और ग्रामीण क्षेत्र व बहीन के लिए हथीन के नायब तहसीलदार तथा होडल क्षेत्र के लिए होडल के तहसीलदार व हसनपुर क्षेत्र के लिए हसनपुर के नायब तहसीलदार को ड्यूटी मैजिसट्रेट नियुक्त किया है। एसडीएम पलवल, होडल व हथीन अपने-अपने क्षेत्रों के ओवरऑल इंचार्ज रहेंगे।
वहीं जिलाधीश ने जिले की विभिन्न न्यायालय परिसरों में 2 नवंबर को होने वाले बार काउंसिल चुनाव के दृष्टिगत शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपराधिक अधिनियम 1973 के अंतर्गत क्षेत्र में ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेशों के अनुसार न्यायालय परिसर पलवल के पोलिंग बूथ के लिए हथीन के तहसीलदार बीएस राणा तथा न्यायालय परिसर होडल के पोलिंग बूथ के लिए होडल के तहसीलदार गुरुदेव सिंह को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।