पुलिस ने 20 गोवंश को मुक्त कराया, एक गाय मृत मिली
-ट्रक चालक चालक समेत फरार
अमर उजाला ब्यूरो
होडल। राष्ट्रीय राजमार्ग उझीना ड्रेन के निकट शनिवार सुबह तड़के मथुरा की ओर से आ रहे ट्रक में भरे गौवंश को पुलिस ने मुक्त कराया। गौरक्षा समिति के सदस्यों ने एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके साथी मौका देखकर फरार हो गए।
पुलिस ने ट्रक से लगभग 20 गोवंश को बरामद किया है। इनमें से एक गाय मृत अवस्था में मिली। समिति के सदस्यों और पुलिस ने सभी गायों को निकट के गो सेवा धाम अस्पताल भेजा है। ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके पर पकड़े गए आरोपी गांव घासेड़ा निवासी शमीम को हिरासत में ले लिया है। गो रक्षा समिति के प्रधान को सूचना मिली कि मथुरा की तरफ से होडल की ओर एक ट्रक आ रहा है जिसमें गौवंश भरा हुआ है। सूचना मिलते ही प्रधान ने पुरुसोत्तम हरेंद्र, ललित कुमार, देवी लाल, राजू, महेश बबलू, सुखदेव, योगेश, सुरेंद्र आदि सदस्यों को साथ लेकर उझीना ड्रैन के समीप पहुंच गए। सदस्यों ने मामले की सूचना से थाना पुलिस को भी अवगत करा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसी समय पुलिस ने कोसी की ओर से आ रहे ट्रक को जांच के लिए रुकने का इशारा किया, लेकिन ट्रक चालक ने स्पीड कम नहीं की जिस पर उन्हें संदेह हो गया। बाद में प्रयास करने पर ट्रक को रोक लिया। जब उसकी जांच की तो उसमें से 20 गो वंश बरामद किया। इसी बीच मौका पाकर ट्रक में बैठे व्यक्ति फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया । पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मबीर सिंह खटाना ने पकड़े गए आरोपी का नाम गांव घासेड़ा निवासी शमीम बताया है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।