पलवल में विकास कार्यों का शुभारंभ करते विधायक दीपक मंगला।
- फोटो : Palwal
रामनगर में 60 लाख के विकास कार्यों का शुभारंभ
पलवल। विधायक दीपक मंगला ने मंगलवार को वार्ड नंबर-11 रामनगर में करीब 60 लाख रुपये की लागत से होने वाले सीवरेज व इंटरलॉकिंग रास्ते के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि रामनगर से भंगूरी रजवाहे तक इंटरलॉकिंग रास्ते का निर्माण होने से लोगों को आवाजाही में सुविधा मिलेगी। वहीं सीवरेज संबंधी कार्य से गंदे पानी की निकासी आसानी से हो सकेगी। रामनगर वासियों की यह बहुत पुरानी मांगें थीं, जो जल्द पूरी होने वाली हैं।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में पलवल सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में विधानसभा पलवल का स्वरूप बदला हुआ दिखाई देगा। लोगों से स्वच्छता पखवाडे़ में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाजार से सामान लेने जाएं तो कपड़े या जूट से बने थैले जरूर साथ रखें। पॉलीथिन से अनेकों नुकसान होते हैं। इससे नालियां, नाले, सीवर जाम होने के साथ ही गंदगी फैलती है। पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है। कार्यक्रम में जिले सिंह ने विधायक का पगड़ी बांधकर व फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। लोगों ने बिजली के खंभे, पेयजल, गंदे पानी की निकासी आदि से संबंधित समस्याएं भी विधायक के सामने रखीं। इस अवसर पर नगर परिषद की चेयरपर्सन इंदू भारद्वाज, उपाध्यक्ष आशा पोशवाल, अधिवक्ता अविनाश शर्मा, प्रदीप, बॉबी, विजय, रतन, राज सिंह, ज्ञानीराम आदि मौजूद रहे।