ठगों ने अपने धंधे को बढ़ाने के लिए फर्जीवाड़ा करके जमीनों को बेचना भी शुरू कर दिया है। होडल सीआईए पुलिस ने जमीन के फर्जी कागजात तैयार कर जमीन को बेचने की फिराक में घूम रहे टटलू गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार ठगों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
सीआईए इंचार्ज अब्बास खान के अनुसार फरीदाबाद निवासी रेखा गुप्ता ने राजस्थान के जिला अलवर के सहायपुर में लगभग 15 बीघा जमीन ली हुई है। वह जमीन पिछले काफी समय से खाली पड़ी है। सहायपुर में उनकी जमीन के पड़ोस में रहने वाले सतनाम ने अपने साथी जखोपुर तहसील तिजारा अलबर निवासी प्रीतम, गांव खेड़ी तिजारा अलवर निवासी सुखदेव व साहपुर अलबर निवासी सतनाम के साथ उस जमीन को बेचने की योजना बनाई थी।
योजना के तहत उक्त सभी आरोपी अलवर जाकर इंटरनेट से ऑनलाइन उस जमीन की फर्द निकलवा लाए। उसके बाद यह नकली रेखा गुप्ता के लिए तुगलकाबाद अपने रिश्तेदार महिला सुंदरा के यहां पहुंच गए। जहां उन्होंने नकली रेखा बनाने के लिए सुंदरा को दो लाख रुपये का ऑफर दिया। सुंदरा खुद रेखा बनने के बजाय तुगलकाबाद की महिला इंदु को नकली रेखा बनाकर ले आई।
इन सभी ने मिलकर एक फोटो स्टेट की दुकानदार से फर्जी कागजात तैयार करा लिए। सारी योजना बनाने के बाद उक्त सभी लोग को उस जमीन को बेचने के लिए होडल की आदर्श कॉलोनी निवासी धीरज जैन से मिले। जमीन को देखने के बाद धीरज जैन व ठगों के बीच छह करोड़ दस लाख में जमीन का सौदा तय हो गया, जिसमें एक करोड़ रुपये पेशगी देनी थी।
धीरज जैन ने पेशगी इकरार करने के लिए उक्त लोगों को संबंधित कागजात लेकर आने को कहा, जिस पर सोमवार को वे संबंधित कागजात लेकर आ गए। कागजात की जांच के दौरान धीरज को इन लोगों पर संदेह हो गया और उसने चुपके से इसकी शिकायत सीआईए पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस ने जब इनसे सख्ती से पूछताछ की तो सारे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने धीरज जैन के बयान पर उक्त लोगों के धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।