पदक जीत कर लौटे खिलाड़ी का स्वागत
होडल। महाराष्ट्र के पुणे में 16 जनवरी से 20 जनवरी तक हुई खेलो इंडिया यूथ गेम्स तीरंदाजी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर लौटे गांव सौंदहद के सुमित सौरोत का सैनिक कॉलोनी में लोगों ने फूल मालाओं से स्वागत किया। खिलाड़ी सुमित सौरोत ने बताया कि उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी महाराष्ट्र के खिलाड़ी को दो अंकों से मात देकर कांस्य पदक पर अपनी दावेदारी पेश की । सुमित ने कहा कि उसका लक्ष्य आने वाले वर्ल्ड कप, वर्ल्ड चैंपियनशिप प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल पर कब्जा करना है। सुमित के पिता दान सिंह ने बताया कि सुमित ने खेल महाकुंभ में रजत पदक और गोवा ने नेशनल प्रतियोगिता में गोल्ड पदक लेकर तीरंदाजी के क्षेत्र में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की । कार्यक्रम में मोहन सिंह थानेदार ,डॉ. महेंद्र सिंह, प्रहलाद पहलवान, जितेंद्र पहलवान, लेखन पहलवान, राकेश, बीरी, जगदीश के अलावा सैकड़ों लोग मौजूद थे। ब्यूरो