नगर योजनाकार विभाग ने की अवैध कालोनियों में तोड़फोड़
पलवल। जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने पलवल नियंत्रित क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बामनीखेड़ा, बहरोला, तूमसरा और खटैला के निकट स्थित अवैध ढाबों व दुकानों तोड़फोड़ की। इस दौरान काफी संख्या में पुलिस बल भी तैनात था।
जिला नगर योजनाकार रेणुका सिंह ने बताया कि उक्त स्थानों पर दस एकड़ में काटी गई दो अवैध कॉलोनियों, चार ढाबों, एक गोदाम और दुकान, विकसित की जा रही डीपीसी, बिजली के खंभे, चारदीवारी और प्रोपर्टी डीलर कार्यालय को पुलिस बल की सहायता से तोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा पिछले दिनों से राजमार्ग किनारे विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ढहाया जा रहा है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अवैध निर्माण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधान सचिव हरियाणा सरकार, नगर तथा ग्राम आयोजन विभाग के आदेशानुसार जिला पलवल के नियंत्रित क्षेत्रों एवं शहरी क्षेत्रों के अंतर्गत अवैध प्लॉटिंग एवं अवैध निर्माण गैर कानूनी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इन अवैध कॉलोनियों में प्लॉटों की खरीद के लिए प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में न आएं। किसी तरह की कोई खरीद फरोख्त न करें। ऐसी जगह कोई अवैध निर्माण न करें।