पलवल में एटीएम उखाड़ने वाले बदमाश पुलिस गिरफ्त में।
- फोटो : Palwal
पलवल। पुलिस ने एटीएम को गैस कटर से काटकर रुपये चोरी करने के वाले गिरोह के बदमाशोें को गिरफ्तार कर लिया है। 30 जुलाई की रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलावलपुर चौक के पास पंजाब नेशनल बैंक के दो एटीएम को काटकर करीब 20 लाख रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस की वाहन चोरी निरोधक शाखा ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 14 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों से एक पिस्तौल, पांच कारतूस, एक कार व गैस कटर भी बरामद किया गया है। सोमवार को पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
डीएसपी यशपाल खटाना ने बताया कि 30-31 जुलाई की रात को अलावलपुर चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक के दो एटीएम काटकर चोरों ने 20.92 लाख रुपये निकाल लिए थे। पिछले एक माह में एटीएम काटने की बढ़ती वारदात को देखते हुए एसपी ने रात्रि गश्त के निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि दो अगस्त की रात को वाहन चोरी निरोधक शाखा के प्रभारी सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इलियास गश्त पर थे। उसी दौरान उन्होंने हथीन स्थित धीरनकी मोड़ पर संदिग्ध अवस्था में खड़े एक युवक को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर युवक से एक पिस्तौल बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम गांव लखनाका निवासी राजू बताया। आरोपी ने पिस्तौल पर लिखे नंबरों को मशीन से घिसा हुआ था। उन्होंने बताया कि जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि एटीएम काटकर रुपये चुराने वाले गिरोह के साथ वह काम करता है तथा 30 जुलाई की रात भी उन्होंने पलवल स्थित पीएनबी के दो एटीएम काटकर रुपये चोरी किए हैं। राजू के साथ एटीएम काटने में हथीन के गांव अंधरौला निवासी खुर्शीद व मुबारिक, नूंह जिला के इमाम नगर निवासी इसरार व एक नाबालिग शामिल थे। पुलिस ने वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने खुर्शीद के कब्जे से साढे़ चार लाख रुपये, गैस कटर, एलपीजी छोटा सिलेंडर, राजू से तीन लाख रुपये, वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी व चोरी के सात मोबाइल फोन बरामद किए। इसी प्रकार इसरार से दो लाख रुपये, मुबारिक से तीन लाख रुपये व नाबालिग से डेढ़ लाख रुपये बरामद किए हैं।
यूपी, राजस्थान और हरियाणा में पहले भी काट चुके हैं एटीएम
पुलिस के मुताबिक इससे पहले भी राजू चोरी की दो और गिरोह बंदी की वारदात को अंजाम दे चुका है। एनआईटी फरीदाबाद के एक मामले में राजू अदालत से पीओ घोषित है। आरोपी खुर्शीद पिनगंवा और नूंह के साथ-साथ राजस्थान के तिजारा में भी एटीएम काट चुका है। मुबारिक चोरी के दो मुकदमों में शामिल है और मथुरा जिला के कोसीकलां थाने का पीओ घोषित है। आरोपी ने पहले भी उत्तर प्रदेश, राजस्थान व हरियाणा के विभिन्न जिलों में एटीएम काटने की वारदात को अंजाम दिया है। करीब एक माह पूर्व भी आरोपियों ने फरीदाबाद के गांव पाली में एटीएम काटने का प्रयास किया था लेकिन अलार्म बजने के कारण वे एटीएम काटने में कामयाब नहीं हो पाए।
आधे घंटे में ही वारदात को अंजाम देकर फरार हुए आरोपी
डीएसपी खटाना के अनुसार चारों आरोपी रात पहले गांव अंधरौला में एकत्रित हुए। वहां खाना खाने के बाद करीब एक बजे गाड़ी में बैठकर पलवल पहुंचे। उन्होंने पलवल में बिना गार्ड के एटीएम की तलाश की। करीब दो बजे उन्होंने अलावलपुर चौक पर पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम के आसपास किसी पुलिस वाले को नहीं देखकर सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे कर दिया। शटर का ताला तोड़ा और आधे घंटे में ही एटीएम को गैस कटर से काटकर रुपये निकाल लिए तथा साढे़ तीन बजे वापस अपने गांव पहुंच गए।