शहीद सैनिकों के आश्रितों को 1. 65 लाख भेजा
पलवल। पुलवामा में आतंकवादी हमले में शहीद हुए सैनिकों के आश्रितों के लिए आर्थिक सहायता के लिए दीघोट गांव के लोगों ने धनराशि एकत्रित कर सरकार को भिजवाई है। इसके लिए ग्रामीणों द्वारा एक लाख, 65,400 रुपये एकत्र करके बुधवार को राहत कोष में जमा करा दी। दीघोट के ग्रामीण दूसरे गांवों के लोगों को भी शहीद सैनिकों के आश्रितों की मदद के लिए प्रेरित कर रहे हैं। ग्रामीणों ने राशि को बैंक में जमा कराने के बाद बैठक का आयोजन किया। पूर्व सैनिक संगठन ने गांव के समाजसेवी संगठनों के साथ बैठक कर इस कार्य के लिए प्रेरित किया था। बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रधान कैप्टन मान सिंह व समाजसेवी बाबूलाल ने की तथा संचालन समाजसेवी डॉ. महावीर सिंह मलिक व गांव सरपंच जितेंद्र नंबरदार ने किया। प्रधान मान सिंह ने कहा कि कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए सैनिकों पर सभी को गर्व है। हमारे बहादुर जवान सीमा पर देश के रक्षा के लिए अपना बलिदान दे रहे हैं। इस मौके पर पूर्व सैनिक रमेश, रूपचंद, प्रताप, बच्चू, जयचंद और सुखवीर, सूबेदार रणवीर, डॉ. मेहर सिंह, पदम, लालाराम, सुमेर, किरन बोहरे, मोहन, बाबूलाल, गोपाल मुख्य रूप से मौजूद थे। ब्यूरो