आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी से मिले
पलवल। पुराना ट्रक यूनियन की जमीन पर बनी दुकानों पर कब्जा किए जाने के मामले में पूर्व विधायक सुभाष चौधरी के नेतृत्व में यूनियन से जुड़े करीब 30 व्यक्ति डीएसपी अभिमन्यु लोहान से मिले और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। पूर्व विधायक सुभाष चौधरी ने कहा कि 9 जनवरी को कुछ लोगों ने ट्रक यूनियन की जमीन पर बनी दुकानों पर कब्जा कर लिया। इस मामले में पुलिस ने अमरजीत की शिकायत पर सुनील और जय भगवान के खिलाफ शटर तोड़ने, जान से मारने की धमकी देने और जबरन कब्जा करने का मामला दर्ज किया। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर ट्रक यूनियन से जुड़े ट्रांसपोर्टरों ने डीएसपी अभिमन्यु से आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। डीएसपी लोहान ने बताया कि इस मामले में जिन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है, उसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। ब्यूरो