एटीएम कार्ड बदलकर करते थे धोखाधड़ी, दो आरोपी धरे
- रिमांड के दौरान 11 हजार रुपये किए गए बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत एटीएम कार्ड बदलकर हजारों रुपये उड़ाने के मामले में अपराध जांच शाखा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है। आरोपियों कोे बुधवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपियों द्वारा दस दिन पूर्व एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से हजारों रुपये की नकदी को निकाल लिया गया था। जिस संबंध में पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। गांव मितरोल निवासी हरीसिंह ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि वह गत पांच जनवरी को पलवल स्थित एक एटीएम से रुपये निकाल रहा था। उसी दौरान एक युवक आया तो पीड़ित ने उक्त युवक से कहा कि उसे थोड़ा कम दिखाई देता है वह उसके एटीएम कार्ड को मशीन में लगा दे। उक्त युवक ने एटीएम लेकर मशीन में लगाया और पिन कोड डायल करने को कहा। पीड़ित द्वारा पिन कोड डायल करते समय उक्त युवक ने पिन कोड देख लिया और कहा कि यहां से रुपये नहीं निकल रहे आप आगरा चौक स्थित सिंडिकेट बैंक के एटीएम से रुपये निकाल ले। उस समय उक्त युवक ने पीड़ित का एटीएम कार्ड बदल लिया। पीड़ित अपने घर आ गया तो थोड़ी देर बाद उसके मोबाइल पर मेसेज आया कि खाते से एटीएम द्वारा 23 हजार 500 रुपये निकल गए हैं। पीड़ित ने जब अपने एटीएम को देखा तो वह बदला हुआ था।
ऐसे किए गए काबू
मामले की जांच सीआईए इंचार्ज सुरेश भड़ाना को दी गई। सुरेश भड़ाना के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया जिसमें एएसआई शहीद, ईएएसआई अभय सिंह व ईएचसी कर्मवीर को शामिल किया गया। पुलिस टीम को गत 14 जनवरी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एटीएम कार्ड बदलकर हजारों रुपये उड़ाने वाले दो युवक किठवाड़ी चौक पर मौजूद हैं। टीम ने सूचना मिलते ही मौके पर दबिश दी और दोनों युवकों को काबू किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम कृष्ण उर्फ भोला और पवन उर्फ पम्मो निवासी गांव बढनाम बताया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के लिए रिमांड पर लिया। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने आरोपी कृष्ण के कब्जे से पांच हजार रुपये व पवन के कब्जे से छह हजार रुपये बरामद किए। एक दिन कि रिमांड अवधि के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।