व्यापारी से 17 लाख से अधिक की धोखाधड़ी
- चावल खरीद कर एक फर्म ने भुगतान रोका
अमर उजाला ब्यूरो
हथीन। हथीन उपमंडल की अनाजमंडी के एक चावल व्यापारी से 17 लाख से अधिक की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। व्यापारी से कैथल जिले की एक फर्म द्वारा 17 लाख, 15 हजार की धोखाधड़ी की गई है। इस संदर्भ में पीड़ित व्यवसायी वीरेंद्र सिंह के बयान पर हथीन थाना पुलिस ने धोखाधड़ी करने, माल हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर के मुताबिक हथीन अनाजमंडी की सुमित ट्रेडिंग कंपनी के प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह ने 31 जुलाई 2018 को दो ट्रकों में भरकर 280 क्विंटल चावल गुरु नानक एग्रो इंडस्ट्रीज रसूलपुर तहसील गुहला जिला कैथल को बेचे थे। चावलों की कुल कीमत 17,15000 रुपये थी। आरोप है की उक्त फर्म के लखविंदर सिंह ने चावल ले लिए और उसका भुगतान नहीं किया। इस बारे में कई बार भुगतान के लिए तगादा किया गया। परन्तु लखविंदर सिंह टालते रहे। पीड़ित व्यवसायी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि जब ज्यादा भुगतान की डिमांड की गयी तो लखविंदर सिंह ने पांच लाख का चेक 20 अक्तूबर 2018 को दिया। चेक बैंक में डाला गया तो बाउंस हो गया। पता चला फर्म की ओर से ही चेक का भुगतान रुकवा दिया है। इसके बाद लखविंदर सिंह से दोबारा संपर्क किया तो तकनीकी कारणों का हवाला देकर कहा गया जल्दी ही भुगतान कर देंगे। इसके बाद यह कह दिया कि उन्होंने चावल खरीदा ही नहीं है। इसके बाद व्यापारी ने पुलिस अधीक्षक विनोद कौशिक को इसकी शिकायत की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर हथीन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके शुरू कर दी है। सिटी चौकी प्रभारी प्रीतम सिंह ने बताया कि संपूर्ण मामले की गहराई से जांच की जा रही है।