बाइक सवार बदमाशों ने दुकानदार पर चलाई गोली
होडल । गांव खांबी में सोमवार रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट के इरादे से दुकानदार पर गोली चला दी। गोली लगने से वह घायल हो गया। गांव में गोली की आवाज सुनते ही आसपास के काफी लोग मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने बदमाशों में से एक को काबू कर लिया जबकि दो बदमाश बाइक लेकर भागने में सफल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना हसनपुर पुलिस को देकर पकड़े गए बदमाश को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार खाम्बी निवासी चंद्रपाल गांव के बस स्टैंड के पास परचून की दुकान करता है। देर रात दुकान बंद करने के दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाश उसकी दुकान पर पहुंच गए और उसके साथ लूट के इरादे से गोली चला दी, जो चंद्रपाल के हाथ पर जा लगी। इस मामले में थाना प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि घायल के बयान पर बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पकड़ा गया बदमाश यूपी के गांव का रहने वाला है। मामले का शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा। फरार अन्य बदमाशों की तलाश जारी है। ब्यूरो
व्यक्ति की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत
होडल। कस्बा हसनपुर में अनाज मंडी के पास एक व्यक्ति की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही डीएसपी मौजीराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पलवल भेज दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान यूपी निवासी बाबूराम के रूप में की है। युवक की मौत का कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। डीएसपी मौजीराम का का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृतक की मौत का खुलासा हो सकेगा। ब्यूरो