चमेली वन में अंजनी कुंड का हुआ लोकार्पण
होडल। गांव भुलवाना स्थित चमेलीवन में दा बृज फाउंडेशन द्वारा कराए गए अंजनी कुंड (तालाब) के जीर्णोद्घार का शुक्रवार को मंत्र उच्चारण के साथ लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव दीपक मंगला रहे। विशिष्ट अतिथि भाजपा के जिलाध्यक्ष जवाहर सिंह सौरोत थे। इस अवसर पर जीर्णोद्घार कराने वाली संस्था दा बृज फाउंडेशन के सभी अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम के इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष विनीत नारायण ने अंजनी कुंड के महत्व के बारे में लोगों को बताया कि इस कुंड का इतिहास महाभारत काल से जुड़ा हुआ है। ऐसे कुंडों की सेवा भाव व देखभाल करने से अपार श्रद्धा बढ़ती है। कुंड व मंदिर के महत्व को लेकर आज यहां भारी संख्या में श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूर्ण करने के लिए पहुंचते हैं। कार्यक्रम के इस अवसर पर दीपक मंगला ने कहा कि चमेली वन धाम का नाम बृज धाम में सबसे पहले लिया जाता है। संस्था द्वारा कराए गए अंजनी कुंड के जीर्णोद्घार से आसपास के लोगों के साथ-साथ जंगल में रहने वाले पशु पक्षियों को भी बहुत लाभ मिलेगा। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों व गांव के ग्रामीणों ने अंजनी कुंड के घाट पर पूजा-अर्चना की ।इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।