आर्मी जवान बनकर सस्ते में गाड़ी व सामान दिलाने का झांसा करते थे ठगी
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना नूंह पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी फेसबुक आईडी, सिम कार्ड और बैंक खातों का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पहले मामले में पिनगवां क्षेत्र के बनारसी गांव निवासी जाहिद (22) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर खुद को आर्मी का जवान बताता था और सस्ते में गाड़ी व सामान दिलाने का झांसा देकर ठगी और सेक्सटॉर्शन करता था। उसके कब्जे से मोबाइल और फर्जी सिम बरामद हुई। पूछताछ में उसने 23,058 रुपये की ठगी कबूल की। दूसरे मामले में तावड़ू क्षेत्र के छारोडा गांव निवासी साजिद (27) और मोहम्मद तालीम उर्फ तालीब (30) को पलवल टी-पॉइंट के पास से गिरफ्तार किया गया। दोनों पर फर्जी सिम, इंटरनेट सिम और मोबाइल बेचने का आरोप है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन मोबाइल और फर्जी सिम बरामद की हैं। वहीं, तीसरे मामले में फिरोजपुर झिरका के शेखपुर गांव निवासी ताज मोहम्मद उर्फ राजू (24) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी फर्जी मोबाइल व सिम के जरिए ठगी की रकम अपने खातों में मंगवाता था। उसके पास से मोबाइल, बैंक खातों के बार कोड, चेकबुक की फोटो और संदिग्ध लेन-देन के स्क्रीनशॉट मिले हैं। उसके खिलाफ साइबर पोर्टल पर तीन शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
फोटो- पुलिस गिरफ्त में ठगी के आरोपी