– दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक दोनों ही समाज के अभिन्न अंग: कृष्णपाल गुर्जर
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में एलिम्को और रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वाधान में 75वें सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। शिविर में 603 बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को निशुल्क सहायक उपकरण वितरित किया गया। इनमें 70 दिव्यांग और 533 वरिष्ठ नागरिक शामिल रहे। समारोह में कुल 3,259 सहायक उपकरण वितरित किए गए।
वितरित उपकरणों में मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, फोल्डिंग व्हीलचेयर, वॉकर, स्मार्ट केन, सिलिकॉन फोम कुशन, बीटीआई (कान की मशीन) और टीएलएम किट आदि शामिल है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक दोनों ही समाज के अभिन्न अंग हैं। इन्हें सहायता की नहीं बल्कि सहयोग की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय वयोश्री और एडिप जैसी योजनाएं लागू कर देश के लाखों बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को राहत प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को दृष्टिबाधित, श्रवण बाधित और चलने-फिरने में अक्षम लोगों के लिए वॉकिंग स्टिक, बैसाखी, श्रवण यंत्र, चश्मे आदि उपकरण दिए जाते हैं। वहीं एडिप योजना जरूरतमंद दिव्यांगजनों को टिकाऊ और वैज्ञानिक आधार पर निर्मित आधुनिक सहायक उपकरण उपलब्ध कराती है।
समारोह में उपयुक्त हरीश कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, एडीसी जयदीप कुमार, नगराधीश अप्रतिम सिंह, पूर्व विधायक दीपक मंगला, प्रवीण डागर, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, रेडक्रॉस सोसायटी सचिव बिजेंद्र सौरोत और एलिम्को के अधिकारी सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।