माता-पिता व गुरू के आशीर्वाद व कड़ी मेहनत से पाया यह मुकाम: अभिषेक वर्मा
-एशियन गेम में 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले अभिषेक वर्मा का किया जिला प्रशासन ने स्वागत
-अभिषेक वर्मा ने जिले के खिलाड़ियों और प्रशासन से किए अपने अनुभव साझा
पलवल। एशियन गेम्स में दस मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक विजेता अभिषेक वर्मा ने कहा कि यह मुकाम उसने अपने माता-पिता व गुरू के आशीर्वाद व दिखाए गए मार्गदर्शन से प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि यदि इंसान मेहनत और लगन से कठिन से कठिन लक्ष्य की प्राप्ति कर सकता है। तीन- चार साल प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद और कड़ी मेहनत के बाद उन्हें एशियन गेम्स में खेलने का मौका मिला। भविष्य में उनका लक्ष्य ओलंपिक में देश के लिए मेडल लाना है। इसके लिए उसने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं।
उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में मेडल हासिल करने के बाद युवाओं के लिए प्रेरणाश्रोत बने हैं। अभिषेक वर्मा ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। हरियाणा सरकार की खेल नीति देश में अन्य राज्यों के मुकाबले बेहतर है। युवाओं को खेल में आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने खेल के प्रति गंभीर रहना चाहिए। खिलाड़ियों को अपना लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। उनके मन में मेडल हासिल करने का जज्बा होना चाहिए। अभिषेक वर्मा के पिता जिला एवं सत्र न्यायाधीश अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि अभिषेक वर्मा ने एशियन गेम्स में कांस्य पदक हासिल कर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। अभिषेक वर्मा ने अनुशासन में रहते हुए अपनी कड़ी मेहनत से अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में सफलता हासिल की है। पलवल जिला प्रशासन की तरफ से उनका हार्दिक अभिनंदन किया जाता है। उपायुक्त डॉ. मनीराम शर्मा ने कहा कि अभिषेक वर्मा ने पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम तो रोशन किया ही है साथ ही युवाओं को भी इस तरह से मेहनत का आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। जिला प्रशासन की तरफ से उपायुक्त डॉ. मनीराम शर्मा ने अभिषेक वर्मा को गुलदस्ता और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश विमल कुमार, देवेंद्र सिंह यादव, अमित कुमार शर्मा, अनुभव शर्मा, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी देवेंद्र, पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम, अतिरिक्त उपायुक्त सुरेंद्र कुमार, हथीन के एसडीएम एस.के. चहल, नगराधीश आशिमा सांगवान, कोच ओमिन्दर सिहं, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी विरेंद्र सिंह, क्लीन एंड स्मार्ट पलवल की प्रधान नमिता तायल, पत्रकार एवं छायाकार तथा जिले के विभिन्न प्रतिभाशाली खिलाडी भी मौजूद रहे।