बेसहारा मिली बच्ची के मामले में जांच से पुलिस पहुंची महिला की हत्या तक
-पुलिस ने पृथला से लापता एक महिला की हत्या के मामले में किया हत्या का मुकदमा दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। राजीव नगर में एक मकान में आठ अगस्त को मिली डेढ़ साल की बच्ची को बाल संरक्षण विभाग को सौंपने के बाद पुलिस द्वारा शुरू की गई जांच में एक महिला की हत्या का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपी खुदाई करवाकर जहां महिला के शव को दबाया गया है, वहां से शव को निकलवाने में जुट गई है।
पुलिस ने आठ अगस्त को एक सूचना पर राजीव नगर में से संजय नामक व्यक्ति के घर से डेढ़ वर्ष की बच्ची को बरामद किया था। पुलिस ने जब इस बारे में संजय से पूछा तो उसने बताया कि उसका एक मुंह बोला साला उसे यह कहकर दे गया था कि बच्ची उसे लावारिश मिली थी। पुलिस ने बच्ची को कब्जे में लेने के बाद उसे बाल संरक्षण विभाग को सौंप दिया तथा संजय के बयान के बाद शक होने पर मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के बाद पुलिस को कई अहग सुराग मिले। उन सुरागों के आधार पर पुलिस ने संजय को पूछताछ के लिए बुलाया तथा सख्ती से पूछताछ की तो संजय ने बताया कि एक महिला की हत्या की गई है तथा यह बच्ची उसी महिला की है।
पुलिस जांच अधिकारी रामेश्वर ने बताया कि पुलिस ने जांच के बाद पाया कि यूपी जिला अलीगढ़ औराई निवासी विष्णु इस हत्या में शामिल हो सकता है। पुलिस ने मामले में विष्णु पर हत्या का केस दर्ज कर लिया और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिसकी हत्या हुई है उस महिला का नाम विमलेश पत्नी राहुल है जो गांव पृथला की रहने वाली है। पुलिस ने अब आरोपी विष्णु को गिरफ्तार कर लिया है तथा महिला के शव को जहां दबाया गया है, वहां से उसे निकालने के लिए पुलिस जुट गई है।