हथीन। एटीएम से रुपये निकालने गए एक व्यक्ति का कार्ड बदलकर लाखों रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। इस संदर्भ में पीड़ित राम अवतार पुत्र अतर सिंह निवासी वार्ड नंबर 10 हथीन की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राम अवतार का भारतीय स्टेट बैंक की हथीन शाखा में खाता है। 21 जून को वह ओरिएंटल बैंक के एटीएम से रुपये निकालने के लिए गया। उसने 5 हजार रुपये निकाले। इसी बीच धोखाधड़ी कर किसी ने उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक उसी दिन किसी ने उसके एटीएम कार्ड से पांच बार रुपये निकालने की कोशिश की। 22 जून से 27 जून तक अलग-अलग एटीएम से कई स्थानों से ट्रांजेक्शन व नकद निकासी द्वारा 3.30 लाख निकाल लिए गए। इसमें एक ट्रांसफर 40 हजार रुपये 25 जून को संजय पासवान नामक व्यक्ति के खाता में हुआ जिसका पता मधुबनी बिहार दर्शाता है। पीड़ित का कहना है इसकी जानकारी उसे तब हुई जब उसने 8 जुलाई को बैंक से स्टेटमेंट निकलवाई। इस मामले के जांच अधिकारी महेश कुमार का कहना है अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी है।