222 people gets corona vaccination
पलवल। नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग और श्री वैश्य अग्रवाल सभा के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को नि:शुल्क कोरोना टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ उपायुक्त नरेश नरवाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अभी कोरोना संक्रमण पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है, इसलिए इससे बचाव के लिए सभी लोगों को टीकाकरण करवाना चाहिए। साथ ही मास्क का प्रयोग करें और सामाजिक दूरी बनाकर रखें। इस दौरान शिविर में 222 लोगों ने कोविड-19 वैक्सीनेशन का टीका लगवाया।
उपायुक्त ने कहा कि जिले अब तक लगभग 4500 केस हो चुके हैं। परंतु खुशी की बात यह है कि कोरोना के कारण मृत्यु अधिक नहीं हुई। जिला में कोरोना के कारण केवल उन लोगों की मृत्यु हुई, जो पुरानी बीमारियों से पीड़ित थे। सिविल सर्जन डा. ब्रह्मदीप ने कहा कि जिले में दस हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। किसी भी व्यक्ति को कोई समस्या नहीं आई है। उन्होंने कहा कि इस टीकाकरण के प्रति किसी भी प्रकार की भ्रांति का हिस्सा न बनें और एक जागरूक व्यक्ति की तरह प्रत्येक व्यक्ति अपना टीकाकरण अवश्य करवाएं। शिविर की अध्यक्षता श्री वैश्य अग्रवाल सभा के अध्यक्ष ओम प्रकाश गुप्ता ने की।