मानसिक रोगों से दूर रहने के लिए योग जरूरी
-अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में किया गया कार्यक्रम
-स्वास्थ्य विभाग द्वारा मानसिक रोगों से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में किया जागरूक
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय असावटा पलवल में सिविल सर्जन डॉक्टर प्रदीप शर्मा और कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. रेखा सिंह की अध्यक्षता में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में योगाचार्य अनिल कुमार और दुष्यंत तथा जिला मानसिक स्वास्थ्य टीम द्वारा अध्यापक और विद्यार्थियों को योगासन कराए और योग से होने वाले लाभों के बारे में अवगत कराया। मानसिक स्वास्थ्य विभाग की ओर से मधु डागर साइकोलॉजिस्ट व प्रियंका कम्युनिटी नर्स द्वारा विद्यार्थियों को संबोधित किया। सिविल सर्जन डॉक्टर प्रदीप शर्मा ने विद्यार्थियों को मानसिक रोगों से होने वाले दुष्प्रभाव और उनसे बचाव के उपायों के बारे में बताया। इस अवसर पर एड्स की टीम द्वारा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतिभागियों को इनाम और फल भी वितरित किए गए। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. प्रदीप शर्मा ने योगा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इसके साथ ही कन्या भ्रूण हत्या के बारे में भी बताया। कार्यक्रम में उपस्थित समस्त विद्यालय स्टाफ व विद्यार्थियों ने कन्या भ्रूण हत्या को रोकने की शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन ममता रावत ने किया। उक्त कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अर्जुन सिंह यादव ने अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया।