चाकलेट डे: एक-दूसरे को चाकलेट भेंट कर बढ़ाई मिठास
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। वैलेंटाइन वीक के तहत मनाया जाने वाले चाकलेट डे का असर युवाओं पर खूब दिखा। युवा अपने साथियों के लिए चाकलेट खरीदते नजर आए। वैलेंटाइन वीक के तहत प्रपोज-डे के दूसरे दिन आने वाले इस दिवस पर युवाओं ने अपने साथियों को चाकलेट का गिफ्ट देकर उनके साथ मिठास बांटी। युवाओं का मानना था कि चाकलेट देना तो बहाना है, यह आपसी प्रेम व मिठास को बढ़ाता है। पलवल में महिलाओं द्वारा आयोजित किटी पार्टी में भी एक-दूसरे को चाकलेट देकर चाकलेट डे मनाया।
---------
महंगी चाकलेट भेंट की
युवाओं ने अपने साथियों को महंगी से महंगी चाकलेट देकर यह विशेष दिवस मनाया। जो युवा अपने साथियों से प्रपोज-डे पर न मिलने से नाराज थे, उनका गुस्सा चाकलेट-डे पर चाकलेट की मिठास से दूर हो गया।
-------
महिलाओं की पसंद है चाकलेट
कुछ महिलाओं से बात करने के बाद पता चला कि उनकी सबसे ज्यादा पसंद चाकलेट है। युवतियां तो चाकलेट की खासी दीवानी दिख रहीं थीं। कुछ युवतियों ने चाकलेट डे पर अपने साथियों से खासतौर पर चाकलेट ही ली। विश्व में किए गए एक सर्वेक्षण में भी यह बात सामने आई है कि 42 प्रतिशत महिलाओं की पसंद चाकलेट है।
-----
बाजारों में मिल रही हैं खास चाकलेट
बाजारों में भी कई तरह की चाकलेट उपलब्ध हैं। कई चाकलेट दिल के आकार की हैं तो कुछ पर कार्टून बने हैं। हर तरह की आकार व स्वाद में चाकलेट उपलब्ध हैं। चाकलेटों में भी कई स्वाद आने लगे हैं। कोई मेवे वाली हैं तो किसी में नारियल या रस भरा हुआ है।
---
मैंने अपनी सभी सहेलियों को चाकलेट उपहार में दी। जैसे चाकलेट खाकर मुंह में मिठास भरती है, वैसे ही कामना करती हूं कि सभी के बीच मिठास बनी रहे।
- राधिका, छात्रा
---
चाकलेट-डे मनाने से हमें खूब सारी चाकलेट खाने को मिलती हैं। इसी बहाने अपने बीच के मन मुटावों को भी भुला सकते हैं और आपस में मिठास बनी रहती है।
- सपना, छात्रा
---
मैंने पत्नी को चाकलेट देकर चाकलेट डे मनाया। चाकलेट-डे मना मैंने भगवान से प्रार्थना की है कि हमारा जीवन इसी तरह हमेशा मिठास से भरा बना रहे।
- दीपक गुलाटी, पलवल