अनाथालयों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण
-अनाथ बच्चों से उपायुक्त ने ली सुविधाओं की जानकारी
पलवल। उपायुक्त डॉ. मनीराम शर्मा ने अनाथ बच्चों के उत्थान एवं कल्याण को समर्पित संस्था आंचल-छाया वात्सल्य मंदिर तथा गांव बहरौला में अनाथ बालिकाओं के उत्थान एवं कल्याण को समर्पित संस्था एबल चेरिटीज स्थित प्रेम घर अनाथालय (बालिका) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अनाथालयों की व्यवस्था संतोष जनक पाई गई। निरीक्षण के दौरान उनके साथ जिला बाल संरक्षण अधिकारी कपिल कुमार, बाल कल्याण समिति सदस्य निशांत गौड और अल्पना मित्तल भी साथ रहीं।
उपायुक्त ने संस्था में बच्चों के रहने, भोजन व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई और स्वच्छता तथा विद्युत आपूर्ति आदि सुविधाओं की स्थिति का भी विवरण लिया। आंचल-छाया के दौरे के दौरान उपायुक्त ने वहां रह रहे बच्चों से बातचीत भी की। उन्होंने संस्था की आवश्यकताओं बारे भी बातचीत की। उपायुक्त के दौरे के दौरान आंचल - छाया के अध्यक्ष आनंद भिक्षु (कैलाशनाथ शुक्ल)व उपाध्यक्षा मां संतोष जी मौजूद रहीं। उपायुक्त ने अनाथालय में रह रही बालिकाओं के रहने, भोजन व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति आदि अन्य सुख-सुविधाओं का गहनता से निरीक्षण किया।
उपायुक्त नेे प्रेम घर अनाथालय(बालिका)में रह रही बालिकाओं से बातचीत भी की और उनसे उनकी शिक्षा और उनके रहन-सहन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बालिकाओं के उज्जवल भविष्य की कामना की। ऐबल चेरिटीज स्थित प्रेम घर अनाथालय(बालिका)अध्यक्ष प्रेम कुमार खुल्लर ने उपायुक्त को संस्था में रह रही बालिकाओं को दी जा रही मूलभूत सुख-सुविधाओं के बारे में अवगत करवाया ।