बिना लाइसेंस के चल रहे क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग का छापा
-20 तरह की दवाइयां और उपकरण लिए कब्जे में, पुलिस में दी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। गांव बेला के चौक पर बिना मेडिकल लाइसेंस के चल रहे एक क्लीनिक पर छापा मारकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 20 प्रकार की दवाइयां और उपकरण बरामद किए हैं। विभाग की टीम ने क्लीनिक को सील कर डॉक्टर के खिलाफ सदर थाने में मुकदमा दर्ज कराने के लिए शिकायत दे दी है।
स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि गांव बेला के चौक पर बिना लाइसेंस के संजय पुत्र श्यामवीर नामक युवक क्लीनिक चला रहा है। उस डॉक्टर के पास कोई डिग्री भी नहीं है। इस सूचना के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निरीक्षक डॉ. कृष्ण कुमार और अतुल चौधरी के नेतृत्व में छापा मारा। छापे के दौरान डॉक्टर संजय फरार हो गया तथा उस क्लीनिक पर कोई भी लाइसेंस और मेडिकल कागजात नहीं मिले, जिससे यह साबित हो कि क्लीनिक चलाया जा सकता है। इसके बाद जांच में 20 प्रकार की दवाइयां और उपकरण मिले। विभाग की टीम ने दवाइयों व उपकरणों को कब्जे में लेकर क्लीनिक को सील कर दिया। पुलिस में आरोपी संजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए शिकायत दे दी है।