संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पानी के अवैध कनेक्शनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीम 10 दिनों से अभियान चलाकर अवैध कनेक्शन की पहचान कर उन्हें काट रही है। अब तक 20 के करीब अवैध कनेक्शन काटे जा चुके हैं।
एसडीओ वाली मोहम्मद ने बताया कि सुल्तानपुर से आने वाली पेयजल लाइन से जुड़े कई गांवों में अवैध कनेक्शन हैं। कुछ लोगों ने पुल के ऊपर से भी पाइपलाइन में कनेक्शन कर रखे थे। पहले चरण में कनेक्शन काटने के साथ संबंधित लोगों को चेतावनी दी जा रही है और उनके नाम दर्ज किए जा रहे हैं। दोबारा अवैध कनेक्शन मिलने पर पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
अभियान में बहीन, मुंडकटी, बिछौर और पुनहाना थाना पुलिस का सहयोग लिया जा रहा है। वहीं, बिना अनुमति सड़क खोदने से कई जगह पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत भी विभाग ने की है। साकरस-झोपड़ी की करीब 1200 मीटर लाइन समेत कई पाइपलाइनों को नुकसान पहुंचा है। विभाग ने संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।