संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। होडल थाना क्षेत्र के दादका गांव में शनिवार देर रात नवविवाहिता ने ब्लैकमेलिंग और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर फंदा लगा दिया और अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उसकी शादी महज 20 दिन पहले ही सराय खटेला के युवक से हुई थी।
परिजनों का आरोप है कि मायके के ही चार युवक उसे ब्लैकमेल कर मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। नवविवाहित का पति कुछ दिनों बाद ही उसे मायके से ले जाने वाला था। फिलहाल वह काम के सिलसिले में हैदराबाद में था। सूचना मिलने पर वह वहां से अंतिम संस्कार के लिए निकल चुका है।
परिजनों की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई चल रही थी, उस दौरान भी मुख्य आरोपी की ओर से नवविवाहिता के मोबाइल नंबर पर कथित तौर पर फोन किए जा रहे थे। परिजनों का कहना है कि फोन के माध्यम से भी ब्लैकमेल करने और परेशान करने का प्रयास किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही होडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
होडल थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि नवविवाहिता को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।