कैंप थाना पुलिस की गिरफ्त में कैब लूटने वाले गिरोह के सदस्य राहुल व बलराम।
- फोटो : Palwal
कैब बुक कर लूटने वाले गिरोह के दो बदमाश धरे
पलवल। ओला कैब की बुकिंग कर गाड़ी लूटने वाले गिरोह के दो बदमाशों को कैंप थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी गुरुग्राम से गाड़ी को बुक कर रास्ते में चालक को बंधक बना लूट लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है।
शनिवार को पुलिस द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में डीएसपी रमेश कुमार ने बताया कि 23 जून को आरोपी गुरुग्राम से ओला कैब बुक कर लाए तथा नया गांव फजलपुर के पास चालक को बंधक बनाकर उससे 3300 रुपये और दो मोबाइल लूट लिए और गाड़ी लेकर फरार हो गए। मामले में यूपी के फिरोजाबाद जिला के आमौर निवासी सतीश ने मुकदमा दर्ज कराया। जिस पर कार्रवाई करते हुए किठवाडी चौकी में कार्यरत सिपाही अजीत, बुधराम व संजय ने हुडा सेक्टर-2 के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम राहुल निवासी नौनेरा राजस्थान व बलराम निवासी साधपूरा राजस्थान हाल निवासी मीना नगर कोसी कला उतर प्रदेश बताया। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने गाड़ी लूटने की वारदात को स्वीकार किया है। इसके अलावा आरोपियों ने हुडा सेक्टर-2 में गंदा नाला के पास चालक से 35 हजार रुपये लूटने की वारदात को कबूला है। आरोपी राहुल पहले भी 14 वारदात में लिप्त पाया गया है, जिनमें होडल में दो लाख की चोरी, लूटपाट व अन्य मामलों में वह नामजद है।
शनिवार को आरोपियों को अदालत में दो दिन की रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से लूटी गई कार, फोन व रुपये बरामद किए जाएंगे तथा उनके साथी हेमंत को गिरफ्तार किया जाएगा। - रमेश कुमार, डीएसपी