रजवाहे मिला नवजात का शव
- पुलिस ने कब्जे में ले भेजा पोस्टमार्टम को, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। सदर थाना क्षेत्र के गांव टिकरी से बहरोला गांव की तरफ जाने वाले रजवाहे में एक नवजात का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। पुलिस ने मामले में प्रत्यक्षदर्शी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी रामकिशन के अनुसार पलवल के गांव टिकरी ब्राहमण निवासी तलीम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि वह गांव से गांव बहरौला की तरफ जाने वाले रजवाहे की पटरी पर पैदल जा रहा था। उसी दौरान उसे रजवाहे के पानी में नवजात तैरता दिखाई दिया। नवजात को पानी में तैरता देख उसने शोर मचाया तो उसका साथी साजिद भी मौके पर आ गया और दोनों ने मिलकर रजवाहे के पानी से जब नवजात को बाहर निकाला तो वह मृत था। जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नवजात के शव को सिविल अस्पताल भिजवा दिया। जांच अधिकारी के अनुसार किसी ने अपनी पैदाइशी की पहचान छुपाने के लिए इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया है।