अनियंत्रित होकर रोड पर पलटी ट्रैक्टर ट्रॉली, एक की मौत
- हथीन-पलवल स्टेट हाइवे पर हादसा, पांच की हालत गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
हथीन। हथीन-पलवल स्टेट हाइवे पर बृहस्पतिवार की देर शाम एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई और दर्जनभर लोग घायल हो गए। घायलों में अधिकतर महिलायें हैं। घायलों को पलवल ले जाया गया। जिसमें पांच की हालत गंभीर बताई गयी है। जानकारी के मुताबिक गांव स्यापनकी से एक ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर महिला और पुरुष गांव गोहपुर जा रहे थे। सूत्रों के मुताबिक गांव गोहपुर में उनके एक परिजन की मौत हो गयी थी। उसी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उक्त लोग जा रहे थे। पता चला है कि अचानक चालक से ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और गांव गढ़ी विनोदा के पास सड़क पर ही पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही ट्रॉली में बैठी महिलाओं एवं ट्रैक्टर पर बैठे पुरुषों में अफरातफरी मच गई। इस दुर्घटना में स्यापनकी निवासी 55 वर्षीया महिला की मौके पर ही मौत हो गयी। महिला का पति आमीन बिजली विभाग पलवल में कार्यरत है। घायल महिलाओं और पुरुषों को आननफानन में पलवल के निजी अस्पतालों में ले जाया गया है। सूत्रों के मुताबिक दुर्घटना में पांच को गंभीर चोटें आई हैं। इस दुर्घटना से हथीन-पलवल रोड पर यातायात बाधित हो गया। दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गयीं। मौके पर हथीन पुलिस पहुंच गयी। पुलिस ने जेसीबी मशीन बुलाकर ट्रैक्टर ट्रॉली को रोड से हटवाया। तब जाकर यातायात सुचारू हो पाया।