बंधक बनाकर दो भाईयों को पीटा
पलवल। रेती के ट्रकों को निकलवाने गए व्यक्ति का अपहरण कर मारपीट करने की घटना सामने आई है। वहीं सूचना पाकर पहुंचे पीड़ित के भाई को भी अपहरणकर्ताओं द्वारा पीटे जाने की शिकायत दर्ज की गई है। सदर थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी हरपाल सिंह के अनुसार गांव दिघौट निवासी महेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके कुछ जानकार ट्रकों में रेती भरकर चांदहट से होडल की तरफ जाते हैं। पीड़ित का भाई अशोक अपने जानकार ट्रक वालों से ट्रक निकलवाने की एवज में 100-200 रुपये लेता है। 27 सितंबर की रात अशोक ने अपने भाई महेंद्र को बताया कि गांव सैलोंटी के समीप कुछ युवकों ने उनके जानकार ट्रक वालों को रोका हुआ है। जिस पर महेंद्र मौके पर पहुंचा तो वहां गांव दिघौट निवासी मनोज, प्रदीप, रोहित, विष्णु व नरेश ने ट्रकों को रोका हुआ था। पीड़ित ने जब उक्त लोगों से ट्रकों को छोड़ने के लिए कहा तो उन्होंने महेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी और कार में उसका अपहरण कर ले गए। आरोपियों ने गांव सैंलोटी स्थित एक कमरे में बंद कर लाठी-डंडे, रॉड व कुल्हाड़ी से पीड़ित पर हमला कर दिया। सूचना मिलते ही पीड़ित का भाई अशोक मौके पर पहुंचा तो उक्त युवकों ने अशोक को भी बंधक बना लिया और उसके साथ भी मारपीट की। गांव दिघौट निवासी एक व्यक्ति द्वारा सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों भाईयों को मुक्त कराकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। ब्यूरो
बच्चियों के साथ छेड़छाड़ करने का आरोपी गिरफ्तार
पलवल। स्कूल आते-जाते समय युवक द्वारा दो बच्चियों के साथ छेड़छाड़ करने का मामला प्रकाश में आया है। महिला थाना पुलिस ने एक बच्ची के पिता की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
महिला थाना प्रभारी कमला देवी के अनुसार पीड़िता के पिता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी दस वर्षीय बेटी व पड़ोसी की 14 वर्षीय बेटी गांव के ही स्कूल में पढ़ती है। दोनों बच्चियों से गांव का निवासी अमित छेड़छाड़ करता है तथा किसी को बताने पर डराता-धमकाता है। 20 व 21 सितंबर को जब बच्चियां स्कूल से आ रही थी तो आरोपी ने फिर उनके साथ छेड़छाड़ की और डराया-धमकाया। बच्चियों ने घर जाकर आपबीती परिजनों को बताई। ब्यूरो