अपराध रोकने का पुलिस कप्तान ने लोगों से मांगा सहयोग
-हसनपुर में प्रशासन ने लगाया खुला दरबार, 140 शिकायतें आईं
अमर उजाला ब्यूरो
होडल। हसनपुर की अनाज मंडी में जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार को खुला दरबार लगाया गया। इस अवसर पर जिला उपायुक्त डॉ. मनीराम शर्मा पुलिस कप्तान वसीम अकरम ने लोगों की समस्याएं सुनीं। दरबार में करीब 140 शिकायतें सुन उपायुक्त ने अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान कराने के आदेश दिए। खुले दरबार में उपायुक्त के सामने गांवों में बिजली, पीने के पानी, पीले कार्ड बनवाने, पक्के मकान बनवाने, बुढ़ापा पेंशन से संबंधी और राशन डिपो द्वारा राशन न देने के अधिकांश शिकायतें ग्रामीणों द्वारा रखी गई।
उपायुक्त ने ग्रामीणों से अपील की कि वे पॉलिथीन का प्रयोग बंद करें। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि वे लोगों के बीच जाएं तथा उनकी समस्याओं का समय पर समाधान कराएं। पुलिस कप्तान वसीम अकरम ने कहा कि क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाने में लोगों को सहयोग करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अपने आसपास किसी भी तरह का हादसा व वारदात होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि उस हादसे व वारदात को रोका जा सके। उन्होंने लोगों से जुआ, सट्टा, नशाखोरी करने वालों की भी सूचना देने को कहा। पुलिस कप्तान ने कहा कि पुलिस की तरफ से अपराधों को रोकने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर सभी सरकारी विभागों ने अपनी-अपनी दुकानों को लगाकर सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। खुले दरबार मे कई गांवों के लोगों ने राशन डिपो होल्डरों की शिकायतों को लेकर खाद्य आपूर्ति नियंत्रक को घेर लिया। इनमें काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। स्कूली बच्चों ने नोटबंदी व पॉलिथीन के नुकसान को लेकर शिकायत की। इस मौके पर पूर्व विधायक रामरतन ,एसडीएम गजेंद्र सिंह, उप निदेशक पशुपालन नीलम आर्य, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी अमर चन्द कौशिक, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मोनिका जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अनिल शर्मा, बीडीपीओ पूजा शर्मा के साथ सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। खुले दरबार में उपायुक्त द्वारा थैले भी बंटवाए गए।