-ऑन द जॉब ट्रेनिंग के अंतर्गत चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चल रही ट्रेनिंग
निशांत पटेल
पलवल। दुधौला स्थित श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) में अभिनव शिक्षण मॉडल के तहत छात्रों को पहले तकनीकी और व्यावहारिक ज्ञान देकर उन्हें इंडस्ट्री के लिए तैयार किया जा रहा है। साथ ही विश्वविद्यालय के 19 छात्रों का बैच इन दिनों चंडीगढ़ स्थित शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयरपोर्ट प्रबंधन के गुर सीख रहे हैं। यह छात्र पारंपरिक किताबी शिक्षा से पहले मौके पर जाकर वास्तविक अनुभव प्राप्त कर रहे हैं, ताकि जब वे क्लासरूम में लौटें तो वे केवल सिद्धांत ही नहीं, उसका प्रयोगात्मक पक्ष भी समझ सकें।
इंडस्ट्री इंटीग्रेशन के उप निदेशक अमीष अमेय ने बताया कि विद्यार्थियों को ऑन द जॉब ट्रेनिंग के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के साथ एमओयू किया गया है। इसमें छात्रों को कुल 16 सप्ताह की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें विद्यार्थियों को एयरपोर्ट प्रबंधन के तौर तरीके सिखाए जा रहे हैं।ट्रेनिंग में एयरपोर्ट पर यात्रियों के आगमन और प्रस्थान से लेकर यात्रियों के बैठने का प्रबंधन, उनके सामान का पूरा नियोजन और नॉन टेक्निकल मेंटेनेंस समेत अन्य तरह के गुर सीखने को मिल रहा है। साथ ही छात्रों को एयरपोर्ट ऑपरेशंस, कस्टमर हैंडलिंग, टिकटिंग, सिक्योरिटी प्रोसेस, ग्राउंड स्टाफ की जिम्मेदारियां और टेक्निकल मेंटेनेंस से जुड़े कामों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। यह पूरी प्रक्रिया ‘लर्निंग बाय डूइंग’ की नीति पर आधारित है। इससे युवाओं को रोजगारोन्मुखी बनाया जा रहा है।
-
कोट
विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्रों को केवल डिग्री नहीं, वास्तविक कौशल देकर उन्हें स्वरोजगार और नौकरी दोनों के लिए सक्षम बनाना है। विवि में पहली बार यह प्रोग्राम शुरू किया है। विद्यार्थी चार महीने हवाई अड्डे पर ट्रेनिंग लेंगे। इस मॉडल से भारत में स्किल एजुकेशन की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल की जा रही है।
- डॉ. सविता शर्मा, चेयरपर्सन, स्किल डिपार्टमेंट ऑफ़ टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी