वैदिक सनातन धर्म यात्रा का राखौता में स्वागत
पलवल। वैदिक सनातन धर्म प्रचार यात्रा को भावना स्कूल राखौता में स्वागत किया गया। इस मौके पर यज्ञानुष्ठान किया गया तथा विद्वानों के भजनोपदेश हुए। यात्रा के संयोजक गंगाराम आर्य ने कहा कि वैदिक धर्म ने पाखंडवाद, जातिवाद, भ्रष्टाचार, नशाखोरी, कन्या भ्रूण हत्या, गोहत्या आदि बुराइयों के खिलाफ आंदोलन चलाकर युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन करने का कार्य किया है। वर्ष 1902 से पहले बेटियों को पढ़ने का अधिकार नहीं था। महर्षि दयानंद सरस्वती के सपना साकार हुआ और अब बेटियां बेटों की तरह हर क्षेत्र में नाम कर रही हैं। देश की उन्नति के लिए इन सभी बुराइयों को जड़ से समाप्त करना जरूरी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोपाल नंबरदार ने की। शिवचरण महाशय ने भजन प्रस्तुत कर समा बांध दिया। भूपेंद्र राखौता ने 11 सदस्यों सहित आर्य समाज का गठन भी किया। इस मौके पर धर्मपाल, मोहरपाल, डॉ. समय सिंह, मोहन लाल, रमेश मास्टर, विजय सिंह, चंद्र महाशय, होशियार सिंह, बलदेव, ओमवीर, खुशबू, मुकेश, मनीषा मुख्य रूप से मौजूद थे। ब्यूरो
---------
तहसील अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
पलवल। संविधान बचाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में अपनी मांगों के समर्थन में राष्ट्रपति के नाम तहसील अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन बामसेफ के प्रदेश प्रभारी आरपी अंबेडकर के नेतृत्व में दिया गया। ज्ञापन में सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को दस प्रतिशत आरक्षण देने को भारतीय संविधान में वर्णित मौलिक अधिकारों का हनन बताया गया है। कहा गया है कि देश में जो भेदभाव होता है वह जाति के आधार पर होता है, इसलिए इससे भेदभाव समाप्त नहीं होगा। ज्ञापन में दस प्रतिशत आरक्षण को रद करने तथा निजी क्षेत्र में भी आरक्षण को लागू करने की मांग की गई है। इस मौके पर जिला संयोजक एडवोकेट बुधराम नेहरा, सुनील भारतवंशी, जिलाध्यक्ष बहुजन मुक्ति पार्टी, बहुजन क्रांति मोर्चा के जिला संयोजक नंद किशोर कुशवाहा मुख्य रूप से मौजूद थे। ब्यूरो