टटलूबाज गिरफ्तार, नकली सोने के आभूषण देकर हड़पे ढाई लाख
होडल । सीआईए पुलिस ने नकली सोने के आभूषणों को असली बताकर कम दामों पर बिक्री करने का झांसा देकर टटलू कटने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर अदालत में पेश किया है। सीआईए प्रभारी उमर मोहम्मद ने बताया कि 10 फरवरी को केरल निवासी जनमत ने पुलिस को बताया कि ओएलएक्स पर कम रेटों में आभूषण देने का मैसेज दिया था। सस्ते दामों में सोना मिलने की बात पर वह अपने साथी के साथ आरोपी द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंच गया। उन्होंने बताया कि आरोपी और पीड़ित का उक्त सौदा ढाई लाख रुपये में तय हो गया। सौदा तय होने पर आरोपी ने युवकों सोने के आभूषण सौंप दिए और ढाई लाख रुपये ले लिए लेकिन बाद में जांच कराने पर आभूषण नकली निकले। जिसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने पकडे़ गए आरोपी का नाम वकील निवासी कैराका मेवात बताया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया है।