गीता जयंती महोत्सव आज से, तैयारियां पूरी
-नगराधीश ने लिया तैैयारियों का जायजा, विधायक सीमा त्रिखा होंगी मुख्य अतिथि
पलवल। नगराधीश आशिमा सांगवान ने बताया कि गीता जयंती महोत्सव 16 दिसंबर से 18 दिसंबर तक स्थानीय महात्मा गांधी सामुदायिक केंद्र एवं पंचायत भवन में धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी प्रकार की तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। गीता महोत्सव में प्रदर्शनी, सेमिनार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वैश्विक गीता पाठ व नगर शोभा यात्रा मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय गीता महोत्सव का शुभारंभ 16 दिसंबर को दोपहर 12 बजे होगा, जिसमें विधायक सीमा त्रिखा मुख्य अतिथि होंगी। दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम में दोपहर बाद तीन बजे विधायक टेकचंद शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। तीसरे दिन सेमिनार व शोभा यात्रा में मुख्य अतिथि उपायुक्त डॉ. मनीराम शर्मा होंगे। उन्होंने बताया कि 16 दिसंबर को सुबह 10 बजे महात्मा गांधी सामुदायिक केंद्र एवं पंचायत भवन में हवन-यज्ञ कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि गीता महोत्सव के दौरान स्थानीय पंचायत भवन में तीन दिवसीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जोकि 16 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से सायं 6 बजे तक तथा 17 व 18 दिसंबर को प्रात: 10 बजे से सायं 6 बजे आयोजित रहेगी। इस तीन दिव सीय प्रदर्शनी में जियो गीता, महिला एवं बाल विकास विभाग, दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, ब्रह्मकुमारी, जिला उद्योग केंद्र, कृषि विभाग, खेल विभाग, श्री कृष्ण कृपा सेवा मंच सहित अन्य विभाग भाग लेंगे। 16 व 17 दिसंबर को दोपहर बाद 2 बजे से 3 बजे तक श्रीमद भगवत गीता पर संगोष्ठी आयोजित होगी तथा 18 दिसंबर को यह संगोष्ठी प्रात: 10 से 12 बजे तक आयोजित होगी। इसी प्रकार 18 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से 12.15 बजे तक वैश्विक गीता श्लोकोच्चारण का आयोजन होगा तथा दोपहर बाद 2 बजे से हुडा चौक सेक्टर-2 से नगर शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जोकि मीनार गेट, आगरा चौक से होते हुए पंचायत भवन पर पहुंचेगी।