चाकू से गोदकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
पलवल। कैंप थाना क्षेत्र में 14 नवंबर को आईटीआई के निकट एक युवक को चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतारने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसका दूसरा साथी अभी भी फरार है। पुलिस ने आरोपी से कट्टा, कारतूस और चाकू बरामद किया है। कैंप थाना प्रभारी विश्व गौरव ने बताया कि गत 14 नवंबर की सुबह रेलवे लाइन के पास एक युवक का चाकूओं से गोदा हुआ शव मिला था। युवक की करीब 30 बार वार करके हत्या की गई थी। शव की पहचान न होने पर 72 घंटे बाद शव का अंतिम संस्कार कराकर मृतक का फोटो लगाकर पोस्टर जगह-जगह चिपका दिए गए। 26 नवंबर को मृतक का भाई पवन अपने अन्य परिजनों के साथ सदर थाना में अपने भाई की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने पहुंचा। उसने देखा कि वहां लगे पोस्टर में उसके भाई का फोटो है। जिसके बाद पवन व अन्य परिजन कैंप थाना पहुंचे और कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान गांव गोपालगढ़ निवासी बीरसिंह के रूप में हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत व अपनी जांच के दौरान हत्या के आरोपी गांव औरंगाबाद निवासी जसविंदर उर्फ कोकी को गिरफ्तार किया। जिसने पूछताछ में बताया कि उसका व उसके साथी मोनू उर्फ मोहित का बीरसिंह के साथ झगड़ा हुआ था। इसी बात की रंजिश रखते हुए जसविंदर व मोनू ने बीरसिंह को मौत के घाट उतारा है। आरोपी ने बताया कि उन्होंने बीरसिंह पर 30 बार चाकुओं से बार किए थे और हत्या के बाद बीरसिंह की जेब में रखे 4700 रुपये, मोबाइल व बाइक को लेकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी को रविवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया हुआ है और उसके फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।