12 लोगों पर लाठी डंडों से पीटने का मामला दर्ज
पलवल। शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक व्यक्ति पर छह लोगों ने हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। शहर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर एक नामजद सहित पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी धर्मेंद्र के अनुसार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी कमल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह पाव-भाजी की रेहड़ी लगाता है। गत छह नवंबर की रात को वह रेहड़ी को लेकर घर जा रहा था। रास्ते में धर्मनगर जैन मंदिर के पास भाटिया कॉलोनी निवासी ईशा का किसी व्यक्ति से आपस में झगड़ा हो रहा था। उस समय कमल ने दोनों का बीचबचाव करा दिया। उसी बात की रंजिश रखते हुए ईशा अपने पांच अन्य साथियों के साथ 7 नवंबर की दोपहर 2 बजे कमल के पास आया और आते ही उन्होंने उस पर लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से हमला कर दिया तथा उक्त लोग हवा में फायर कर उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। वहीं लाठी डंडों से पीटने का एक अन्य मामला सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव फिरोजपुर से आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी धर्मपाल के अनुसार गांव फिरोजपुर निवासी सतेंद्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि गत चार नवंबर को वह अपने घर पर मौजूद था। उसी समय गांव निवासी सचिन, राहुल, कालू, अमन, अमर व विजय ने लाठी-डंडे से उसे व उसके परिवार वालों पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। ब्यूरो
दुकान का शटर तोड़कर हजारों का सामान चोरी
पलवल। शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत दो दुकानों का शटर तोड़कर हजारों की नगदी व अन्य सामान चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार चोर गत तीन तारीख की रात को सरस्वती महिला कॉलेज के पास से ओम साईं फ्लैक्स की दुकान का शटर तोड़कर 35 हजार रुपये की नगदी व इन्वर्टर बैटरी को चोरी कर ले गए। इसी प्रकार चोर गत पांच तारीख की रात को सरस्वती महिला कालेज के पास से मॉडर्न स्किल सेंटर का शटर तोड़कर दो लैपटॉप, इन्वर्टर बैटरी, 32 इंच एलईडी और पावर सप्लाई को चोरी कर ले गए। ब्यूरो
जुआ खेलते छह लोगों को किया गिरफ्तार
पलवल। शहर थाना पुलिस ने कंजरपुर रोड के पास जुआ खेलते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 24 हजार दस रुपये बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जाँच अधिकारी ओमप्रकाश के अनुसार बीती देर रात गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंजरपुर रोड के पास बने खेतों में छह लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश देकर जुआ खेलते हुए ढेर मोहल्ला निवासी राम व देसराज, मीट मार्केट निवासी धीरज, क़स्बा मोहल्ला निवासी महावीर, रायपुर निवासी दयाराम और क़ानूगा मोहल्ला निवासी महेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो