दो दुकानों में लगी आग, चार लाख का नुकसान
हथीन। उपमंडल के अलग-अलग दो स्थानों पर दो दुकानों में आग लग गई। जिससे लगभग चार लाख रुपये का नुकसान हो गया। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 12 में साहिबजी मंदिर से बस अड्डा रोड पर एक दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गयी। दुकानदार राजू ने बताया कि दुकान में प्रिंटिंग की मशीनें व आरओ रखे हुए थे। आग लगने से दुकान का सारा सामान जलकर खाक हो गया। राजू ने बताया कि दुकान बंद करने के बाद लगभग नौ बजे अचानक दुकान में आग लग गई। फायर ब्रिगेड के आने से पहले ही पड़ोसी दुकानदारों के सहयोग से आग को बुझाया गया। लेकिन तब तक सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। दुकानदार के अनुसार लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान बताया है। वहीं दूसरी ओर बहीन थाना के गाँव नांगल जाट में एक दुकान जिसमें बहुउद्देशीय कृषि संसाधन का सामान था। अचानक आग लगने से स्वाहा हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही बहीन थाना प्रभारी रामदयाल मौके पर पहुंचे और स्टाफ के साथ आग पर काबू पाने में सहायता की तथा मौके का जायजा लिया। दुकान मालिक महेश आग लगने से हुए नुकसान की सूची तैयार करने में लगा हुआ है। दुकान में लगभग ढाई लाख रुपये का नुकसान बताया गया है।