सरपंच पद के चुनाव के लिए सीएम विंडो पर लगाई गुहार
हथीन। गांव महलूका ग्राम पंचायत के पांच निर्वाचित पंचों ने सीएम विंडो पर गुहार लगाई है कि उनके गांव के रिक्त पड़े सरपंच के पद का चुनाव अविलंब कराया जाए। ग्राम पंचायत के पांच पंचों इमरान अली, लुकमान, हारुन, अंजुमन एवं मुस्सरत जहां ने इस संदर्भ में सोमवार को लिखित गुहार लगाई है। गुहार में लिखा गया है कि गांव की सरपंच लतेश कुमारी को फर्जी प्रमाण पत्र के चलते निलंबित किया हुआ है। इससे ग्राम पंचायत का काम-काज प्रभावित है। इस बारे में हथीन खंड के समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी धर्मपाल का कहना है कि सरकार की हिदायतों के तहत शीघ्र ही उक्त गांव में कार्यकारी सरपंच का चुनाव कराया जाएगा।