बाइक के कागजात मांगने पर पुलिस कर्मियों से मारपीट
- चांदहट थाना क्षेत्र के अलावलपुर का मामला, पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। संदिग्ध परिस्थिति में खड़े तीन युवकों से रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने खड़े होने का कारण पूछा व बाइक के कागजात मांगे तो उक्त युवकों ने अपने दो-तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर पुलिस टीम के साथ मारपीट की और वर्दी को फाड़ दिया। चांदहट थाना पुलिस ने पांच नामजद सहित एक अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
चांदहट थाना प्रभारी कर्मवीर खटाना ने बताया कि हेड कांस्टेबल सुरेंद्र, होमगार्ड प्रेमचंद व सरकारी गाड़ी चालक सुभाष मंगलवार की रात्रि अलावलपुर से गांव लालपुरा मार्ग पर गश्त कर रहे थे। रात करीब साढ़े 12 बजे सड़क किनारे उन्हें तीन युवक बाइक सहित संदिग्ध परिस्थिति में खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम ने गाड़ी रोककर उक्त युवकों से खड़े होने का कारण पूछा और बाइक को देखा तो उस पर नंबर प्लेट नहीं थी। नाम-पता पूछने पर युवकों ने अपना नाम सूरज, योगेश और दीपक निवासी गांव अलावलपुर बताया। पुलिस टीम ने जब बाइक के कागज मांगे तो सूरज बाइक लेकर घर से कागज लाने की बात कहकर चला गया और योगेश व दीपक पुलिस की गाड़ी के पास ही खड़े रहे। थोड़ी देर बाद सूरज तीन अन्य साथियों के साथ आया और पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। उक्त युवकों ने पुलिस कर्मियों की वर्दी को फाड़ दिया और बाइक सहित जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में हेड कांस्टेबल सुरेंद्र की शिकायत पर पांच नामजद सहित एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।