हसनपुर में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त की
होडल। कस्बा हसनपुर माहौली रोड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिलते ही अंबेडकर समाज सुधार समिति के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की सूचना पुलिस को दी। प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। मामला बढ़ता देख पुलिस टीम के साथ डीएसपी विवेक चौधरी, नायब तहसीलदार अजय कुमार भी मौके पर पहुंच गए और क्षतिग्रस्त की गई प्रतिमा का निरीक्षण किया। मौके पर एकत्रित लोगों ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा की अंगुली व चश्मे को क्षति पहुंचाई है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी विवेक चौधरी ने बताया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद समाज के लोगों में रोष व्याप्त है। ब्यूरो